कानपुर देहात। अकबरपुर के वार्ड नंबर चार नयागंज निवासी शिक्षक की मंगलवार की तड़के तबीयत खराब हो गई। परिजन उन्हें लेकर मेडिकल कॉलेज आए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
नयागंज निवासी राजेश कुमार (41) की मंगलवार तड़के मौत होने पर परिवार के लोग बिलखते रहे। भाई रमेश ने बताया कि सोमवार रात पत्नी रीता देवी व बच्चों के साथ वह सो रहे थे। तड़के तीन बजे तबीयत खराब होने की जानकारी पर पत्नी ने चालक अजय कुमार को जानकारी दी। सुबह पांच बजे वह लोग उन्हें लेकर अस्पताल आए। जहां उनकी मौत हो गई।
वह झींझक के गाऊपुर में उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक थे। पत्नी रीता देवी भी प्राइमरी विद्यालय में शिक्षक हैं। माता-पिता की मौत हो चुकी है।
एक बेटा रोहन (06) व छह माह की बेटी नंदिनी है। अनहोनी से परिजन बदहवास हैं। अकबरपुर थानाध्यक्ष सतीश सिंह ने बताया कि परिजनों ने हार्ट अटैक से मौत की जानकारी दी है। पोस्टमार्टम से स्थिति स्पष्ट होगी।