परिषदीय स्कूलों में एक अप्रैल (मंगलवार) से नया शिक्षा-सत्र शुरू होने जा रहा है। इसी के साथ स्कूल खुलने का समय भी बदल जाएगा। स्कूल सुबह आठ बजे से खुलेंगे और अपरान्ह दो बजे तक चलेंगे। अब नई कक्षा में एक अप्रैल से बच्चों की पढ़ाई होगी। वहीं कक्षा एक में प्रवेश के लिए स्कूल चलो अभियान भी शुरू किया जायेगा।
इसकी जानकारी देते हुए बीएसए मनीष कुमार सिंह ने बताया कि विद्यालय एक अप्रैल से सुबह 9 बजे की जगह 8 बजे से खुलेंगे और दो बजे तक चलेंगे, जबकि अभी तक यह टाइमिंग सुबह 9 से अपरान्ह तीन बजे तक थी। इस दौरान स्कूलों में 30 मिनट का मध्याह्न अवकाश (सुबह 10.30 बजे से 11 बजे तक) भी किया जाएगा, जिससे बच्चें भोजन-पानी के साथ ही मनोरंजन भी कर सकें। वहीं, सुबह प्रार्थना सभा/योगाभ्यास 8 बजे से 8.15 बजे सम्पन्न होगा।