विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाएं: मुख्य सचिव

लखनऊ। यूपी सरकार ने सभी जिलाधिकारियों से कहा है कि वह अपने-अपने जिले में 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का आयोजन करवाएं। विभाजन विभीषिका के दौरान विस्थापित परिवारों के सदस्यों को आमंत्रित किया जाए।


विभाजन के दौरान अपने प्राणोत्सर्ग करने वाले वालों को दो मिनट मौन कर श्रृद्धांजलि दी जाए। मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने इस संबंध में शासनादेश के जरिए सभी अपर मुख्य सचिवों, मंडलायुक्तों व जिलाधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। इसमें कहा गया है कि देश का विभाजन किसी विभीषिका से कम नहीं था।



भारत के लाखों लोगों ने बलिदान देकर आजादी प्राप्त की थी। ऐसे समय में देश का दो टुकड़ों में बंट जाने का दर्द लाखों परिवारों को एक गहरे जख्म की तरह घर कर गया है। मुख्य सचिव ने कहा कि हर जिले में आयोजन स्थल पर प्रदर्शनी लगाई जाए, जिसमें उस दौर की घटनाओं के चित्र, साहित्य, अभिलेख व विस्थापित परिवारों की संरक्षित सामग्री प्रदर्शित की जाए और वहां त्रासदी के शिकार हुए लोगों के परिजनों को लाया जाए।


और उनकी आपबीती सुनी जाए। साथ ही भारत पाक विभाजन पर लिखी गई किताबों को भी प्रदर्शित किया जाए। सभी डीएम इस आयोजन की पूरी सूचना बाद में संस्कृति विभाग की वेबसाइट पर अपलोड करें।