गर्मी और उमस से बच्चे बेहाल...स्कूल में एक के बाद एक 30 बच्चे बेहोश, दौड़े अधिकारी

 एटा, अमृत विचार। इन दिनों गर्मी और उमस से बुरा हाल है। इस बीच सबसे अधिक परेशानी स्कूल में पहुंचने वाले विद्यार्थियों को हो रही है। आए दिन विद्यार्थी बेहोश हो रहे हैं। वहीं एटा के केंद्रीय विद्यालय में एक के बाद एक 30 विद्यार्थी गर्मी और उमस से अचेत हो गए। 






पीटी के मैदान में बेहोश होकर गिरे विद्यार्थियों की खबर मिलते ही केंद्रीय विद्यालय के प्रशासन में ही नहीं बल्कि एटा जिला प्रशासन और स्वास्थ्य महकमे में भी हड़कंप मच गया। आनन फानन में अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सभी बेहोश विद्यार्थियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग की टीमों के अनुसार किसी की हालत खतरे में नहीं है। वहीं अधिकारी मामले की जांच में जुट गए हैं।



 


रोजाना की तरह मंगलवार को भी केंद्रीय विद्यालय एटा में विद्यार्थी शिक्षण कार्य के लिए गए थे। सुबह प्रार्थना के बाद विद्यार्थियों को व्यायाम के लिए पीटी मैदान में ले जाया गया। जहां पीटी होने के बाद विद्यार्थी गर्मी और उमस से परेशान हो गए और एक के बाद एक विद्यार्थी बेहोश होकर गिरते गए। लगभग आधा घंटे के अंतराल में ही 30 विद्यार्थी अचेत होकर गिर गए। इससे स्कूल प्रशासन में खलबली मच गई।







जिला प्रशासन को खबर मिली तो डीएम प्रेम रंजन सिंह ने स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की टीम को मौके पर भेजा। तत्काल सभी बेहोश विद्यार्थियों को मेडिकल कॉलेज एटा में भर्ती कराया गया। 


बेहद गर्मी से बिगड़ी है हालत


विद्यालय के स्टाफ ने विद्यार्थियों को छायादार वृक्षों के नीचे ले जाकर लिटाया, लेकिन तब तक पता चला कि कई और बच्चे गर्मी और उमस के कारण परेशान हो रहे हैं। विद्यालय के स्टाफ ने मामले की सूचना प्रशासनिक अधिकारियों को दी। तो तत्काल ही कई एंबुलेंस केंद्रीय विद्यालय भेज दी गईं। यह स्कूल हाईवे पर जिला मुख्यालय से सात किलोमीटर दूर है। चिकित्सकों की एक टीम भी विद्यालय भेजी गई। 30 बच्चे मेडिकल कॉलेज लाए गए।




डीएम ने एडीएम, एसडीएम को भेजा, परिजनों को दी सूचना


बच्चों के परिजनों को भी सूचना दी गई तो वे भी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। डीएम ने एडीएम सत्यप्रकाश सिंह और सीएमओ डा. यूके त्रिपाठी को मेडिकल कॉलेज भेजा। अधिकारियों की टीम बच्चों की निगरानी कर रही है। जबकि कई चिकित्सक बच्चों के उपचार के लिए लगाए गए हैं। सीएमओ ने बताया कि गर्मी और उमस के कारण बच्चे परेशान हुए हैं। खतरे की कोई बात नहीं है।




यह विद्यार्थी हुए बीमार 


एटा की ओमपुरी निवासी नीतू, तहसील रोड निवासी शेखो, लोधिपुरम निवासी आर्यन, सिटी कंट्रोल रूम निवासी रोशनी, गांधी मार्केट निवासी माधो, गांव सेंथरी निवासी दिव्यांशी, विकास नगर निवासी माहिर, आवास विकास कालोनी निवासी पलक, जगन्नाथपुरी निवासी रितिक, कैलाश मंदिर निवासी अग्रिमा, ठंडी सड़क निवासी नंदनी, गांधी मार्केट निवासी दिव्यांश, गांधी मार्केट निवासी अनुष्का, प्रेम नगर निवासी आराध्य, दूल्हापुर निवासी प्रियांशी, नई बस्ती निवासी पायल, श्याम नगर निवासी अनन्या, शिवओमपुरी निवासी सौम्या, पीपल अड्डा निवासी सगुन, केंद्रीय विद्यालय निवासी धुर्व सहित सीमा, राखी, अरुनधती, राघव, काव्या, श्रेया, गामिनी, रागिनी, आयुष बेहोश हुए हैं। सभी की उम्र लगभग 10 वर्ष से अधिक है।




कासगंज में भी बिगड़ रही विद्यार्थियों की हालत 


कासगंज जिले में भी गर्मी से विद्यार्थियों की हालत बिगड़ रही है। परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थी पिछले दिनों ही अलग-अलग स्कूलों में गर्मी से बेहोश हुए थे। इन्हें अस्पतालों में भर्ती कराया गया। जहां से इन्हें घर भेज दिया गया। इन सबकी हालत खतरे से बाहर है। अब उच्च प्राथमिक विद्यालय नगला आशानंद में मंगलवार को एक विद्यार्थी गर्मी के कारण अचेत हो गया। पहले तो विद्यालय के शिक्षकों ने उसे छायादार वृक्ष के नीचे लिटाया। उसके बाद अस्पताल ले गए।