MDM: बिना साक्ष्य रसोइया का नवीनीकरण नहीं रोक सकेगी समिति

 

बस्ती,  परिषदीय विद्यालयों में मिड-डे मील योजना के तहत मध्याह्न भोजन पकाने के लिए नए शिक्षा सत्र में रसोइयों का नवीनीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। डीएम ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर जनपद के एमडीएम योजना से आच्छादित सभी राजकीय व परिषदीय स्कूलों में रसोइया चयन समिति स्तर से वर्तमान सत्र के लिए रसोइया चयन/ नवीनीकरण की प्रक्रिया 27 जून तक अनिवार्य रूप से पूरी करने का निर्देश दिया है। कहा है कि विद्यालय में नामांकित बच्चों की छात्र संख्या के आधार पर मानक के अनुसार निर्धारित संख्या में ही रसोइयों का चयन किया जाए।

साथ ही रसोइयों का नवीनीकरण रोकने के लिए भी पर्याप्त साक्ष्य प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। पत्र में कहा गया है कि चयन समिति स्तर से रसोइया के वर्ष भर के कार्यों से असंतुष्ट होने की स्थिति में नवीन रसोइयों का चयन किया जाएगा। रसोइया के कार्य से असंतुष्ट होने की स्थिति में संबंधित रसोइया को ग्राम पंचायत समिति/ वार्ड समिति स्तर से समय-समय पर लिखित एवं सकारण चेतावनी/ नोटिस निर्गत किया जाना अनिवार्य होगा। सुसंगत साक्ष्य आदि उपलब्ध कराए जाने के बाद लगाए गए आरोपों के सिद्ध होने की स्थिति में ही उसकी सेवाओं को असंतोषजनक समझा जाएगा। यह प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर सेवा का असंतोषजनक नहीं समझा जाएगा। जिले के 2074 परिषदीय स्कूलों में कुल 5321 रसोइयों की तैनाती है।




गौरतलब है कि विद्यालयों में मध्याह्न भोजन पकाने के लिए प्रतिवर्ष शिक्षा सत्र के दौरान रसोइयों की नियुक्ति/ नवीनीकरण होता है। रसोइयों की नियुक्ति छात्र संख्या के आधार पर होती है। जिन विद्यालयों में 25 विद्यार्थी हैं वहां एक, 26 से 100 तक के विद्यार्थियों वाले विद्यालयों में 2, 101 से 200 तक के विद्यार्थियों के लिए 3, 201 से 300 विद्यार्थियों का भोजन पकाने के लिए 4, 301 से 1000 विद्यार्थियों पर 5, 1001 से 1500 तक के विद्यार्थियों पर 6 एवं 1501 से अधिक विद्यार्थियों का भोजन पकाने के लिए सात रसोइयों की नियुक्ति की जानी है।