बढ़ती गर्मी के लिए हमारा स्वार्थ जिम्मेदार:CM योगी

 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि जून की गर्मी देश-प्रदेशवासियों को लंबे समय तक याद आएगी। तापमान बहुत तेजी से बढ़ रहा था। लोग असहाय और असमंजस की स्थिति में थे। इसके लिए उत्तरदायी हम सबकी स्वार्थी गतिविधियां ही हैं। ईको टूरिज्म के क्षेत्र में लोगों ने अलग-अलग कार्य प्रारंभ किए हैं। सोहगीबरवा, दुधवा, चूका, पीलीभीत टाइगर रिजर्व के क्षेत्र में लोग आ रहे हैं।



ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में ईको टूरिज्म पर आयोजित संवाद कार्यक्रम में कहीं। उन्होंने कहा कि जून में जिस तेजी से तापमान बढ़ा, उसके लिए हमारी स्वार्थी गतिविधियां जिम्मेदार हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुधवा में जंगल के बीच गया तो देखा कि लखनऊ का तापमान 42 है और दुधवा का 35 के आसपास। प्रकृति का यह सानिध्य इशारा करता है कि पर्यावरण के प्रति जागरूक हुए तो आने वाले समय में लाभ प्राप्त होगा। ईको क्षेत्र में टूरिज्म डवलपमेंट का नया बोर्ड सरकार ने गठित किया है। यह नई संभावनाओं को बढ़ाएगा। काशी, अयोध्या, मथुरा-वृंदावन में स्प्रिचुअल दृष्टि से होम स्टे की व्यवस्था करते हैं तो यही कार्य ईको टूरिज्म को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में करें। इससे ग्रामीणों के लिए भी रोजगार सृजन की संभावना भी बनेगी।


उन्होंने कहा कि गत वर्ष प्रदेश में 48 करोड़ पर्यटक आए थे। 2023 में काशी में यह संख्या 10 करोड़ से अधिक थी। मथुरा-वृंदावन में साढ़े सात करोड़ और अयोध्या में पांच करोड़ से अधिक थी। इस मौके पर उन्होंने नई ईको पर्यटन इकाई स्थापित करने वाले जालौन के केशवेंद्र सिंह, मनीष मल्होत्रा समेत तीन लोगों को सीएम ने सम्मानित भी किया।


मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ में कुकरैल के पास नाइट सफारी बना रहे हैं। इसके पहले कुकरैल नदी को जीवित करेंगे। कुकरैल नदी को नाला बनाकर लोगों ने अवैध निर्माण कर लिया। चार दशक में कब्जा इतना बढ़ गया कि न केवल यह नदी, बल्कि पर्यावरण के लिए चुनौती बन गया। हम लोगों ने कुकरैल को नदी बनाने की लड़ाई सुप्रीम कोर्ट तक लड़ी। आठ हजार से अधिक अनधिकृत कब्जों को हटाया।