मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र को एक और सेवा विस्तार की संभावना


लखनऊ,  मुख्य सचिव के पद पर दुर्गा शंकर मिश्र को एक और सेवा विस्तार मिल सकता है। उनका कार्यकाल 30 जून को खत्म हो रहा है। इस बार उन्हें तीन माह का सेवा विस्तार दिए जाने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि 29 जून को शनिवार व 30 को रविवार है। इसलिए एक-दो दिन में उन्हें सेवा विस्तार दिए जाने का फैसला हो सकता है।



इसके अलावा यमुना प्राधिकरण के सीईओ अरुण वीर सिंह को भी सेवा विस्तार दिए जाने की चर्चा है। दुर्गा शंकर मिश्र वर्ष 1984 बैच के आईएएस अफसर हैं। केंद्र सरकार ने दिसंबर 2021 में सेवानिवृत्त से ठीक पहले उन्हें एक साल का सेवा विस्तार देते हुए उत्तर प्रदेश में मुख्य सचिव के पद पर तैनाती दी थी। इसके बाद दिसंबर 2022 में उन्हें दोबारा एक साल का सेवा विस्तार दिया गया। दिसंबर 2023 में चुनावों के मद्देनजर उन्हें छह माह का सेवा विस्तार दिया गया। मिश्र को सेवा विस्तार न मिलने की स्थिति में वर्ष 1987, 1988 और 1989 तीन बैच के कई अफसरों की दावेदारी बढ़ जाएगी।